जापान के शहर हिरोशिमा में G-7 समूह देशों के विदेश मंत्रियों ने परमाणु हथियार मुक्त विश्व का आह्वान किया। समूह के विदेश मंत्रियों ने इस दिशा में उत्तर कोरिया के परमाणु हथियारों को एक प्रमुख चुनौती भी करार दिया। अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी सहित समूह के अन्य देशों के विदेश मंत्रियों ने शांति एवं परमाणु मुक्त विश्व का संदेश देने वाले ऐतिहासिक स्मारक के दौरे के बाद जारी ‘हिरोशिमा घोषणापत्र’ में यह बात कही।
‘हिरोशिमा घोषणापत्र’ में यह कहा गया, ‘हम एक सुरक्षित दुनिया और परमाणु हथियार मुक्त विश्व को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं। लक्ष्य को इस प्रकार हासिल किया जाए कि इससे अंतरराष्ट्रीय स्थिरता को बढ़ावा मिले।’ घोषणापत्र में यह भी कहा गया है कि सीरिया, यूक्रेन और खासतौर से उत्तर कोरिया की भड़काऊ कार्रवाइयों ने इस काम को अधिक पेचीदा कर दिया है।
G-7 समूह देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के आखिरी दिन ‘हिरोशिमा घोषणापत्र’ जारी की गई। इस दौरान आतंकवाद, पश्चिम एशिया में संकट, शरणार्थी संकट और अन्य सुरक्षा चिंताओं पर चर्चा की गई। पूर्वी और दक्षिण चीन सागर में चीन की गतिविधियों पर भी समूह के नेताओं ने आपत्ति जताई।
आपको बता दें कि द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान 6 अगस्त 1945 को अमेरिका ने हिरोशिमा पर परमाणु बम गिराया था। इसके तीन दिन बाद एक अन्य शहर नागासाकी पर भी हमला किया गया था। अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी हिरोशिमा का दौरा करने वाले अमेरिका के अब तक के शीर्ष अधिकारी हैं।
G-7 समूह में अमेरिका के अलावा ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, कनाडा और जापान हैं।
0 comments:
Post a Comment