भूकंप के पूर्वानुमान का नया तरीका 'स्लो फाल्टमूवमेंट' खोजा गया:
- भारतीय मूल की एक अनुसंधानकर्ता के नेतृत्व में वैज्ञानिकों ने पृथ्वी की उप-परतों के हिलने से होने वाले ‘स्लो फाल्ट मूवमेंट’ के आधार पर भूकंप का पूर्वानुमान लगाने का तरीका पता लगाया।
- अब तक वैज्ञानिकों का मानना है कि छोटे कंपन या ‘स्लो फाल्ट मूवमेंट’ से रिक्टर पैमाने पर दो इकाई से कम के भूकंप के झटके के बाद बड़ा भूकंप आने की संभावना नहीं होती है। हालांकि सिंगापुर के नानयांग प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एनटीयू) के अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि ये कंपन न केवल आसन्न भूकंप की ओर इशारा करते हैं बल्कि उन्होंने इनसे समझने योग्य पैटर्न भी खोज निकाला।
- एनटीयू के ‘एशियन स्कूल ऑफ द एनवायरमेंट’ के सिलवैन बारबोट और ‘अर्थ ऑब्जर्वेटरी ऑफ सिंगापुर’ के एक पृथ्वी विज्ञानी ने कहा कि यह खोज ‘फाल्ट’ संचित होने और समय के साथ दबाव कम होने के बारे में हमारी समझ के उलट इशारा करती है। बारबोट की पीएचडी छात्रा दीपा मेले वीदू के नेतृत्व वाले अध्ययन का भूकंप का पूर्वानुमान लगाने के संबंध में बड़ा महत्व है।
ली चोंग वेई ने 11वीं बार मलेशिया ओपन बैडमिंटनख़िताब जीता:
- 10 अप्रैल 2016 को मलेशिया के खिलाड़ी ली चोंग वेई ने मलेशिया ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता जीती। उन्होंने 11वीं बार यह ख़िताब जीता। ली चोंग ने 42 मिनट तक चले मुकाबले में विश्व के शीर्ष खिलाड़ी चीन के चेन लोंग को 21-13,21-8 से हराया।
- इस प्रतियोगिता से ली चोंग एवं दूसरे स्थान पर रहे चेन लोंग दोनों ने ही ओलंपिक के लिए क्वॉलिफाई किया। महिलाओं के एकल मुकाबले में थाईलैंड की रैचनोक इंतानोन ने चीन की जू यिंग ताई को 21-14,21-15 से हराकर ख़िताब जीता।
प्रियदर्शिनी चटर्जी एफबीबी मिस इंडियावर्ल्ड-2016 घोषित की गईं:
- 9 अप्रैल 2016 को दिल्ली निवासी प्रियदर्शनी चटर्जी एफबीबी फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड-2016 चुनी गयीं। फेमिना मिस इंडिया की यह 53वीं प्रतियोगिता मुंबई में आयोजित की गयी। उन्हें वर्ष 2015 की फेमिना मिस इंडिया अदिति आर्या द्वारा ताज पहनाया गया।
- बंगलौर निवासी सुश्रुती कृष्णा फेमिना मिस इंडिया सुपरनेशनल-2016 चयनित हुईं जबकि लखनऊ निवासी पंखुड़ी गिडवानी को फेमिना मिस इंडिया ग्रैंड इंटरनेशनल-2016 चयनित किया गया।
- चटर्जी मिस वर्ल्ड-2016 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, कृष्णा मिस इंटरनेशनल-2016 जबकि गिडवानी मिस ग्रैंड इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इन विजेताओं को संजय दत्त, सानिया मिर्ज़ा एवं अन्य जजों के पैनल द्वारा चयनित किया गया।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री सी सिल्वेरा का निधन:
- 9 अप्रैल 2016 को पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता सी सिल्वेरा का हृदयघात के कारण मिज़ोरम स्थित आइज़ल में निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे। सिल्वेरा 1985 में राज्यसभा के लिए चुने गये और नौवीं, दसवीं तथा ग्यारहवीं लोकसभा चुनाव में विजयी हुये।
- वे 17 फरवरी 1994 को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में केन्द्रीय राज्यमंत्री नियुक्त किये गये। इसके बाद उन्हें उद्योग मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया। सिल्वेरा केन्द्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल होने वाले अब तक के सबसे पहले मिज़ो नेता थे।
- चीन और पाकिस्तान ने 9 अप्रैल 2016 को पाकिस्तान में संयुक्त वायु सेना अभ्यास शुरू किया। दोनों देशों के बीच इस तरह का यह पांचवां युद्धाभ्यास है। वायु सेना के प्रवक्ता शेन जिंके ने कहा, ‘‘शाहीन-5 नौ से 30 अप्रैल तक चलेगा।’’ शाहीन-4 का आयोजन पिछले साल चीन में हुआ था।
- इसमें लड़ाकू विमानों, लड़ाकू बमवर्षक विमानों के साथ-साथ हवाई त्वरित चेतावनी एवं नियंत्रण (एईडब्ल्यूएंडसी) विमान ने हिस्सा लिया था। दोनों देश संयुक्त रूप से पीएसी जेएफ-17 थंडर या सीएसी एफसी-1 शिआओलांग लड़ाकू विमान का निर्माण करते हैं।
- शेन के अनुसार संयुक्त सैन्य अभ्यासों और चीनी और पाकिस्तानी वायु सेना के बीच हाल के वर्षों में आदान-प्रदान ने दोनों सेनाओं के बीच सहयोग को कारगर तरीके से प्रगाढ़ किया है।
यूक्रेन के प्रधानमंत्री यात्सेनयुक ने इस्तीफा दिया:
- एक महीने से जारी राजनीतिक संकट के बीच 10 अप्रैल 2016 को यूक्रेन के प्रधानमंत्री अर्सेनिय यात्सेनयुक ने अपने इस्तीफे देने के फैसले की घोषणा की। इस संकट से सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा था।
- पश्चिम समर्थित 41 वर्षीय कैबिनेट प्रमुख ने कहा कि स्थिरता सुनिश्चित करने और सत्ता हस्तांतरण सुचारू बनाने के लिए हर प्रयास करने के बाद मैंने यूक्रेन के प्रधानमंत्री पद से हटने का फैसला किया। प्रधानमंत्री के इस फैसले से करीब दो महीने पहले उनकी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गिरा था।
- उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पेट्रो पोरोशेंको की पार्टी ने संसद के स्पीकर वोलोदिमार ग्रोयसमैन को इस पद के लिए नामित किया है और वह उनके रास्ते में नहीं आएंगे। यात्सेनयुक ने कहा कि आज से, मैं केवल सरकार का नेतृत्व करने के बजाय बड़े परिदृश्य में अपने लक्ष्यों को देखूंगा। लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि वह यूक्रेन की राजनीति में अपने लिए भविष्य में कौन सी भूमिका देखते हैं।
यमन में संघर्ष विराम शुरू, संघर्षरत पक्षों ने समर्थन का संकल्प लिया:
- यमन में पिछले एक साल चल रहे संघर्ष के सभी पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में किए गए संघर्ष विराम का पालन करने का संकल्प लिया है। यह संघर्ष विराम 10 अप्रैल 2016 को आधी रात से लागू हो गया। इसके कारण एक स्थायी शांति समझौते तक पहुंचने के लिए नई वार्ता से पहले सकारात्मक माहौल तैयार हुआ है।
- पिछले एक साल से चल रहे संघर्ष में हजारों लोग मारे गए हैं और 24 लाख लोग विस्थापित हुए है और ये लोग यमन के पड़ोसी देशों में जाकर रहने को मजबूर हो गए हैं। राष्ट्रपति अब्दराब्बुह मंसूर हादी के वफादार बलों के चीफ ऑफ स्टाफ ने पुष्टि की है कि अंतरराष्ट्रीय समयानुसार रात नौ बजे से ‘‘संघर्ष विराम लागू हो गया।’’ जनरल मोहम्मद अली अल मकदाशी ने संवाददाताओं से कहा कि यदि हुती विद्रोही संघर्ष विराम का उल्लंघन नहीं करते तो वे इसका सम्मान करेंगे।
- सउदी नीत गठबंधन के पिछले वर्ष मार्च में हादी सरकार के समर्थन में हवाई हमले शुरू करने के कारण संघर्ष विराम की तीन कोशिशें पहले असफल रह चुकी हैं। गठबंधन ने उस समय हस्तक्षेप किया था जब जैदी शिया हुतियों ने सितंबर 2014 में राजधानी सना पर कब्जा कर लिया था और इसके बाद वे अन्य क्षेत्रों में बढ गए थे।
नासा का अंतरिक्ष यान केपलर इमरजेंसी मोड में पहुंचा:
- आकाश गंगा में धरती जैसे अन्य ग्रहों की खोज के लिए अंतरिक्ष में भेजा गया केपलर नाम का अंतरिक्ष यान अभी संकट की स्थिति में चला गया है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने बताया है कि अंतरिक्ष यान केपलर इमरजेंसी मोड (ईएम) में प्रवेश कर गया है। अंतरिक्ष यान की यह स्थिति धरती से सात करोड़ 50 लाख मील दूर बनी है।
- सात अप्रैल को नियमित संपर्क के दौरान अभियान के संचालन इंजीनियरों ने केपलर अंतरिक्ष यान को ईएम में पाया। नासा ने कहा है कि ईएम न्यूनतम संचालन मोड है और इस समय टीम की प्राथमिकता अंतरिक्ष यान को ईएम से निकालना है।
- प्रारंभिक संकेतों के मुताबिक, अंतरिक्ष यान की स्थिति परिवर्तन का अभियान शुरू होने से पहले ही केपलर ईएम में प्रवेश कर गया। अंतरिक्ष यान को के2 मिशन के माइक्रोलेंसिंग प्रेक्षण कैम्पेन के लिए आकाश गंगा के केंद्र की तरफ ले जाना था। अभियान की युक्ति अमल में लाए जाने से पहले ही अंतरिक्ष यान की स्थिति बदल गई।
- केपलर ने 2012 में अपना प्राइम मिशन पूरा किया था। इस दौरान इस अंतरिक्ष यान ने 5000 बाहरी ग्रहों की तलाश की। इनमें से 1000 से ज्यादा की पुष्टि हो चुकी है।
0 comments:
Post a Comment